साइबर ठग लगातार लोगों को निशाना बना रहे हैं। ताजा मामला ज्ञानपुर कोतवाली के भुड़की गांव का है। जहां साइबर ठगों ने लोन के नाम पर कालीन बुनकर से छह किस्तों में 18,558 रुपये ऐंठ लिए। बुनकर का आरोप है कि वह थाने गया तो उसे साइबर थाना भेजा गया और वहां से उसे फिर थाने भेजा गया। उसकी शिकायत दर्ज नहीं की जा रही।
ज्ञानपुर के भुड़की गांव निवासी अनिल कुमार उर्फ छांगुर एक प्राइवेट कंपनी में कालीन बुनाई का काम करता है। बीते छह जुलाई को साइबर ठगों ने उसे लोन पर पैसा देने के नाम पर फोन किया और उससे बैंक डिटेल ले लिया। इसके बाद अलग-अलग तरीकों से छह बार में कुल 18558 रुपये ले लिए। इसके बाद से वह लगातार उनसे संपर्क करना चाहा, लेकिन ठग फोन नहीं उठाए।
इस मामले की शिकायत लेकर जब वह थाने पहुंचा तो उसे साइबर थाना भेजा गया। वहां से फिर उसे थाने भेज दिया गया। बताया कि कई बार शिकायत के बाद भी सुनवाई नहीं हो रही है। उसकी मेहनत का पैसा साइबर ठगों ने उड़ा दिए।