गोपीगंज/घोसिया। माधोसिंह-प्रयागराज रेलखंड में अलग-अलग स्थानों पर ट्रेन की चपेट में आकर तीन लोगों की जान चली गई। दो लोगों मौत गोपीगंज और एक मौत औराई क्षेत्र में हुई। हादसे सोमवार और मंगलवार को हुए।
औराई कोतवाली के अहिमनपुर रेलवे स्टेशन के पास खमरिया के वार्ड नंबर भजईपुर निवासी जय सिंह उर्फ गोलू सरोज (27) की मौत हो गई। सोमवार को वह रेलवे ट्रैक पार कर रहा था। उसी दौरान पवन एक्सप्रेस आ गई और वह कट गया। उसकी मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलने के बाद पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने बताया कि जय की मानसिक हालत ठीक नहीं चल रही थी। परिवार के लोग इसकी दवा करा रहे थे। वह इधर-उधर घूमता रहता था।
किसुनदेवपुर के पास मालगाड़ी की चपेट में आने से मंगलवार को बिहारी लाल (62) की मौत हो गई। कोतवाली के बघेलीपुर कलनुआ निवासी बिहारी लाल सुबह टहलने निकले हुए थे। इस बीच पटरी से गुजर रही मालगाड़ी की चपेट में आने से उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया। कोतवाली पुलिस सूचना मिलते ही मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इसी तरह ज्ञानपुर रोड रेलवे स्टेशन पर ट्रेन की चपेट में आने से 46 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस ने शिनाख्त का प्रयास कराया लेकिन सफल नहीं रही। ज्ञानपुर रोड रेलवे स्टेशन पर मुम्बई जा रही गोरखपुर लोकमान्य तिलक टर्मिनल सोमवार की देर शाम पहुंची। कुछ देर ठहराव के बाद गाड़ी जैसे ही ट्रेन आगे बढ़ी, इस बीच अचानक एक व्यक्ति उसकी चपेट में आ गया और उसकी मौत हो गई।