नगर पालिका ईओ कार्यालय के बाहर धरने पर बैठे सभासदगण।स्रोत-संवाद
भदोही। नगर पालिका परिषद के तीन सभासद सोमवार को पालिका के खर्चों का ब्योरा मांगते हुए अधिशासी अधिकारी ऑफिस के बाहर धरने पर बैठ गए। लगभग तीन घंटे तक धरने पर बैठे रहने के बाद ईओ धर्मराज सिंह मौके पर पहुंचे। उनके आश्वासन के बाद सभासदों ने धरना समाप्त किया। भाजपा सभासद अरविंद मौर्य ने बताया कि उन्होंने 11 दिसंबर को ईओ को एक पत्रक सौंप कर नौ जून 2023 से लेकर 30 सितंबर 2023 तक नगर पालिका परिषद द्वारा किए गए भुगतान और किन-किन मदों में भुगतान किया गया है। इसका ब्योरा मांगा था। सभासदों ने आरोप लगाया कि अधिशासी अधिकारी ने खर्चों का ब्योरा देने में आनाकानी करते रहे। इसी बात को लेकर सोमवार को तीन सभासद अरविंद मौर्य, अजय दूबे और पिंकी गुप्ता के पति राकेश गुप्ता पूर्वाह्न लगभग 11 धरने पर बैठ गए। देर शाम तक सभासद अरविंद मौर्य ने बताया कि मंगलवार को 11 बजे ब्योरा देने का आश्वासन मिला है। चेताया कि कल तक ब्योरा नहीं मिला तो पुन: धरने पर बैठा जाएगा। ईओ ने कहा कि शुक्रवार की शाम को मुझसे वित्तीय ब्योरा मांगा गया था। इसके बाद शनिवार और रविवार को बंदी थी। बिना सूचना के सभासद धरने पर बैठ गए। कहा कि सभासदों ने जो ब्यारा मांगा है, उस पर उनका अधिकार है। वह उन्हें दिया जाएगा।