थाना क्षेत्र के लक्षापुर बाजार में बुधवार की रात चोरों ने देशी शराब की दुकान में घुसकर 25 हजार नकदी समेत हजारों रुपये के सामान उठा ले गए। सुबह जानकारी होने पर पुलिस जांच कर लौट गई। सेल्समैन श्याम नारायण ने बताया कि लाइसेंसी दुकान होने के कारण प्रतिदिन की तरह दुकान को बंद कर घर चला गया था। देर रात चोर छत के रास्ते टिनशेड तोड़कर अंदर घुस गए। कैस बाक्स में रखे 25 हजार नकद, पांच पेटी शराब, टीवी, सीसी टीवी कैमरे का सेट उठा ले गए। सुबह जानकारी होने पर टूटे टिनशेड, बिखरे सामान को देखकर शोरगुल मचाया। 112 नंबर पुलिस को सूचना देते ही पुलिस मौके पर पहुंची लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। लिखापढ़ी कर पुलिस खाली हाथ लौट गई। ग्रामीणों ने कहा कि यदि पुलिस इसी तरह खाली हाथ लौटती रही तो चोरों पर शिकंजा कसना दूर की बात होगी। जबकि थाना, चौकी और 112 नंबर पुलिस के जवान क्षेत्र में गश्त करते हैं जिसका कोई असर चोरों पर नहीं है। प्रभारी निरीक्षक डीएस ओझा ने बताया कि जांच कराई गई है।