सरपतहां स्थित सौ शैय्या अस्पताल के ओपीडी भवन में रखीं हजारों की दवाइयां बारिश के पानी में भीगकर खराब हो गईं। इसकी जानकारी स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को हुई तो आनन-फानन में अस्पताल की साफ-सफाई कराई गई। सीएमओ डॉ. एसके चक के अनुसार बारिश के कारण दवाइयां खराब हुई हैं। दवाइयों में दीमक लगा है तो इसकी जांच कराई जाएगी।
जिला मुख्यालय के पास स्थित सौ शैय्या चिकित्सालय में स्वास्थ्यकर्मियों की लापरवाही के कारण हजारों की दवाइयां खराब हो गईं। चिकित्सालय की ओपीडी में दो पेटियों में भरी दवाइयों में दीमक लग गए। ओपीडी में आए मरीज को देने के लिए दवाइयां निकालने का प्रयास किया गया तो इसकी जानकारी हुई। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के अनुसार बारिश का पानी रिसने से अस्पताल परिसर में रखी कुछ दवाइयां भीग गई हैं। विभाग के पास ड्रग वेयर हाउस भी नहीं है। इसलिए जहां जगह मिलती है, विभागीय अधिकारी दवाइयां वहीं रख देते हैं।
सौ शैय्या का टीबी अस्पताल बना दवा गोडाउन
ज्ञानपुर। सौ शैय्या अस्पताल परिसर में टीबी अस्पताल को दवा का गोडाउन बनाया गया है। यहां से जनपद के तीन बड़े अस्पताल महाराजा चेतसिंह जिला चिकित्सालय, महाराजा बलवंत सिंह राजकीय चिकित्सालय, सौ शैय्या अस्पताल और छह सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुर्गागंज, सुरियावां, भदोही, गोपीगंज, औराई, डीघ में दवाएं सप्लाई होती हैं। इसके अलावा 17 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, 183 हेल्थ वेलनेस सेंटर और उप स्वास्थ्य केंद्रों पर दवाई सप्लाई की जाती है। संवाद