कौलापुर। गोपीगंज कोतवाली के बेहरोजपुर गंगा घाट पर अंतिम संस्कार में शामिल होने गया युवक गंगा में नहाने समय लापता हो गया। घटना की जानकारी होते ही परिवार में कोहराम मच गया। स्थानीय लोग उसे ढूंढने में लगे हुए हैं। एसडीआरएफ को सूचना दे दी गई है।
गांधी गांव निवासी कन्हैया चौरसिया की कौलापुर गांव में मिठाई की दुकान है। पड़ोस में रहने वाले आकाश गुप्ता (19) का घर है। रविवार सुबह कन्हैया की दादी तारा देवी (103) की मौत हो गई। अन्य लोगों के साथ आकाश भी अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए बेहरोजपुर घाट गया। अंतिम संस्कार की प्रक्रिया पूरी होने के बाद सभी लोग गंगा में नहा रहे थे। आकाश भी अन्य लोगों के साथ नहा रहा था। इस बीच तैरते हुए घाट से 20 से 25 मीटर आगे चला गया। जहां गंगा का कछार होने के कारण वह उसमें फंस गया और लापता हो गया। काफी देर बाद भी जब आकाश का कुछ नहीं पता चला तो अन्य लोग परेशान हो उठे। आनन-फानन में परिजनों को सूचना देकर मल्लाहों की मदद से उसे ढूंढने का प्रयास किया गया। घटना की जानकारी होते ही परिजन भी मौके पर पहुंच गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने एसडीआरएफ को सूचना दी। खबर लिखे जाने तक युवक का कुछ पता नहीं चल सका। आकाश तीन भाइयों में दूसरे नंबर पर था। उसकी भी मिठाई की दुकान थी। लोगों ने बताया कि हर साल जब गंगा नदी में जब पानी घटता है तो घाट पर दुर्घटनाएं बढ़ जाती हैं, क्योंकि अनजान लोग गंगा में मौजूद करार को भांप नहीं पाते और उसमें फंस जाते हैं।