गोपीगंज केडवरिया स्थित सराफा कारोबारी के यहां उचक्कागिरी पर जांच करती पुलिस। संवाद
गोपीगंज। कोतवाली के केड़वरिया स्थित सराफा कारोबारी के प्रतिष्ठान पर शनिवार को उचक्के आभूषण लेकर फरार हो गए। पीड़ित के अनुसार आभूषण की कीमत 65 हजार रुपये है। शंभूपुर गांव निवासी दिनेश पाल केड़वरिया तिराहे के पास किराये की दुकान में सराफा का कारोबार करते हैं। बताया कि दोपहर दो युवक पल्सर बाइक से उसके प्रतिष्ठान पर पहुंचे। दोनों ने कान का झाला, मंगलसूत्र और पायल की मांगी। उनसे बातचीत होने के बाद दुकानदार ने अन्य दुकान से तीनों सामान लेकर आया और उन्हें दिया। बताया कि इसकी कीमत 65 हजार है। उचक्कों ने कहा कि कैश नहीं है। वे ऑनलाइन पेमेंट करेंगे। दुकानदार ने बताया कि उसके पास ऑनलाइन व्यवस्था नहीं है। वह एक नंबर बता रहा है, उस पर पैसे पेमेंट कर दें। इसके बाद उचक्कों ने सराफा कारोबारी को बातों में उलझाते हुए कहा कि कैश कर दिया है और तेजी से बाइक पर बैठकर फरार हो गया। व्यापारी ने दोनों का पीछा भी किया लेकिन वे भाग गए। उसने इसकी शिकायत पुलिस से की। मौके पर पहुंची पुलिस ने सीसीटीवी खंगाला। प्रभारी निरीक्षक शैलेश राय ने बताया कि शिकायत मिली है। सीसीटीवी से जांच पड़ताल की जा रही है।