132 विद्युत उप केंद्र औराई में लगे 33 केवी के ट्रांसफार्मर की क्षमता वृद्धि कार्य के कारण आगामी 10 मार्च को औराई क्षेत्र के सैकड़ों गांवों की विद्युत आपूर्ति बाधित रहेगी। इस दिन सुबह 10 से शाम चार बजे तक विद्युत आपूर्ति बाधित रहेगी।
जिले में आरडीएसएस योजना के तहत जर्जर तारों को बदलने और ट्रांसफार्मरों की क्षमता वृद्धि का कार्य किया जा रहा है। गर्मी आने से पहले बिजली विभाग व्यवस्थाओं को दुरूस्त करने में लगा है। जिससे गर्मी के दिनों में लोगों की परेशानी अधिक न बढ़े। इसी कड़ी में 132 केवी उप केद्र औराई पर लगे 33 केवी के ट्रांसफार्मर को बदला जाएगा और उसकी जगह अधिक क्षमता का ट्रांसफार्मर लगाया जाएगा। इस कारण औराई तहसील के साथ महाराजगंज, खमरिया, घोसिया जैसे इलाकों की विद्युत आपूर्ति सुबह 10 बजे से शाम चार बजे तक बाधित रहेगी। विद्युत पारेषण उपखंड द्वितीय अधिकारी एसपी सिंह ने बताया कि उपभोक्ताओं को होने वाली परेशानी को लेकर उन्हें खेद है, लेकिन व्यवस्थाओं को सुधारने के लिए यह कार्य किया जाएगा। संबंधित क्षेत्र के लोग 10 मार्च के पहले बिजली संबंधी जरूरी कार्य पहले ही निपटा लें।