ज्ञानपुर। भदोही में अगले सप्ताह से सियासी पारा चरम पर पहुंच जाएगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी, पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव और पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की सभाएं होंगी। भाजपा, बसपा और इंडिया गठबंधन के स्टार प्रचारकों की सभाएं 15 से 23 मई के भी होने की उम्मीद है।
जिले में 25 मई को छठवें चरण में मतदान होना है। सोमवार को नामांकन समाप्त हो गया। नामांकन पत्रों की जांच और नाम वापसी के साथ ही दो से तीन दिनों में प्रत्याशियों की तस्वीर भी साफ हो जाएगी। नामांकन संग प्रत्याशी चुनाव प्रचार में पूरी ताकत झोंक दिए हैं, लेकिन बड़े नेता मई के दूसरे सप्ताह के बाद से पार्टी प्रत्याशियों के समर्थन में जनसभा कर माहौल अपने पक्ष में करने में लग जाएंगे।
भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक मिश्रा ने बताया कि स्टार प्रचारकों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमितशाह, रक्षामंत्री राजनाथ सिंह, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शामिल हैं। इनके अलावा कुछ अन्य केंद्रीय मंत्री भी आ सकते हैं। सपा जिलाध्यक्ष प्रदीप यादव ने बताया कि लोकसभा क्षेत्र में गठबंधन के नेता राहुल गांधी, अखिलेश यादव और पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की एक सभा प्रस्तावित है। 18 से 23 के मध्य तिथि तय की जाएगी। बसपा जिलाध्यक्ष जेपी चौधरी ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री मायावती और आकाश आनंद के आने की संभावना है। जोनल कोआर्डिनेटर के स्तर पर तिथि का निर्धारण होगा। राजनीतिक दलों के स्टार प्रचारकों के आने से मई की भीषण गर्मी में सियासी पारा भी चढ़ेगा।