ज्ञानपुर। जिले के 52 धान खरीद केंद्रों पर बुधवार को बोहनी नहीं हुई। केंद्र के कर्मचारी-अधिकारी दिनभर किसानों की राह देखते रहे। किसानों के न पहुंचने से केंद्रों पर सन्नाटा पसरा रहा। पहले दिन व्यवस्था दुरुस्त होती रही। किसान खेतों में धान फसल की कटाई और पिटाई में उलझे रहे।
जिले में धान खरीद के लिए विपणन के 17 और पीसीएफ के 11 केंद्रों सहित कुल 52 क्रय केंद्र खोले गए हैं। खरीद को लेकर कर्मचारी केंद्रों पर तिरपाल एवं धान तौलने की मशीन आदि लगाकर इंतजार करते रहे, लेकिन बुधवार को पहले दिन किसी केंद्र पर कोई किसान नहीं पहुंचे। जंगीगंज के धान क्रय केंद्र के प्रभारी विशाल आनंद अंबेडकर ने बताया कि किसानों के लिए सभी सुविधाएं केंद्र पर की गई हैं। पहले दिन कोई किसान नहीं पहुंचा।