ज्ञानपुर। जिलाधिकारी शैलेष कुमार की अध्यक्षता में बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में ग्रामीण विकास एवं आजीविका संवर्धन के मुद्दे पर बैठक हुई। इसमें टीसीएस रिसर्च इनोवेशन की प्रधान वैज्ञानिक डॉ. जयश्री, डॉ. आनंद पांडेय, फार्फ निदेशक ऋषि राज मिश्र, और जेवियर विश्वविद्यालय उड़ीसा से आए शोधार्थी शामिल रहे।डीएम ने कहा कि जिले के विकास के लिए तकनीकी संस्थानों, शोध संस्थानों एवं सरकारी विभागों के बीच समन्वय जरूरी है। उन्होंने 15 चयनित पिछड़े गांवों में ग्रामीण सेवाओं के विस्तार, आजीविका समूहों के प्रशिक्षण, आर्थिक एवं व्यावहारिक सर्वेक्षण, बच्चों के लिए जीवन कौशल प्रशिक्षण और ग्रामीण शोध के विविध आयामों पर चर्चा की। स्वयं सहायता समूह की महिलाओं के कौशल, प्रशिक्षण एवं आजीविका को मजबूत करने पर विशेष फोकस रहेगा। फार्फ निदेशक ने बताया कि संस्था की टीम शीघ्र ही टीसीएस और जेवियर विश्वविद्यालय के शोधार्थियों के साथ मिलकर विभिन्न ग्रामीण सेवाओं के क्रियान्वयन पर कार्य शुरू करेगी। जेवियर विश्वविद्यालय के रिसर्च स्कॉलर 45 दिनों तक ज्ञानपुर ब्लॉक के भुड़की एवं भिदिउरा गांवों में निवास कर ग्रामीण परिवेश, आजीविका, सामाजिक व्यवहार एवं स्थानीय जरूरतों पर विस्तृत शोध कर रिपोर्ट तैयार करेंगे। इस मौके पर सीडीओ बाल गोविंद शुक्ला, सीएमओ डॉ. संतोष कुमार चक, सीटीवी बृजेश सिंह, सूचना अधिकारी डॉ. पंकज कुमार आदि रहे।