ज्ञानपुर। जिले में बुधवार की रात में लगभग ढाई बजे हुई तेज बारिश व आंधी के चलते जिले में कई नगरों व स्थानों पर भारी जलजमाव हो गया। इसके अलावा बारिश के दौरान तेज आंधी चलने की वजह से जिले के कई इलाकों में बिजली के तार टूट गए। इस वजह से जिले के कई इलाकों में घंटों तक बिजली गुल रही। हालांकि बुधवार की रात में हुई तेज आंधी व बारिश के चलते अगले दिन बृहस्पतिवार को मौसम काफी सुहावना रहा। इस दौरान लोगों को तेज धूप, तपिश व उमस से काफी हद तक राहत मिली। बता दें कि बुधवार की रात में लगभग दो घंटे हुई बारिश के बाद जिले के कई नगरों मसलन गोपीगंज, ज्ञानपुर, जंगीगंज, उंज, कोईरौना और औराई सहित कई इलाकों में भारी जलभराव हो गया। इस दौरान गोपीगंज फूलबाग, आजाद नगर, पड़ाव, मिर्जापुर रोड व डाक्टर कॉलोनी व जोगिनिका में जलभराव की स्थिती देखने को मिली । इसके अलावा ज्ञानपुर नगर के भी कई इलाकों में बारिश के बाद जलभराव हो गया था जिसके चलते लोगों केे आने जाने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।