औराई/घोसिया। थाना क्षेत्र के लसमड़िया गांव स्थित कंपोजिट विद्यालय और पंचायत भवन का ताला तोड़कर चोर रविवार की रात हजारों रुपये का सामान उठा ले गए। सोमवार को सुबह जानकारी होने पर प्रधानाध्यापक ने तहरीर दी। इसके बाद पुलिस ने मौका-मुआयना किया। प्रधानाध्यापक इम्तियाज अहमद ने आरोप लगाया है कि औराई ब्लाक के कई विद्यालयों में अब तक चोरियां हो चुकी हैं, लेकिन पुलिस एक भी मामले का खुलासा नहीं कर पा रही है। गर्मी में विद्यालयों के बंद रहने से रविवार की रात चोर तीन पंखे, ऑक्सीमीटर, थर्मल स्प्रे, थर्मामीटर, स्वच्छता सामग्री, रेडियो, ब्लू टूथ स्पीकर दो सेट, सबमर्सिबल पंप, स्टार्टर, पंचायत भवन में लगा वाईफाई आदि सामान गायब था। ग्राम प्रधान बैजनाथ यादव समेत ग्रामीण विद्यालय के आस-पास सामानों की खोजबीन की लेकिन पता नहीं चल सका है। चोरी हुए सामानों की कीमत हजारों रुपये होगी। प्रभारी निरीक्षक अजय सेठ ने बताया कि प्रधानाध्यापक इम्तियाज अहमद की तहरीर पर मामले की जांच की जा रही है।