ज्ञानपुर। जिले में दो दिनों से मौसम की तल्खी ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। दूसरे दिन रविवार को भी तापमान 41.5 डिग्री से अधिक रहा। सुबह नौ बजे ही तेज धूप निकल गई। 16 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से दिनभर गर्म हवा चलती रही। बाजार में गर्मी के कारण सन्नाटा रहा। जून महीने के शुरुआती पांच दिन तक मौसम में उतार चढ़ाव जारी रहा। लेकिन शनिवार से अचानक से मौसम तल्ख हुआ है। कृषि विज्ञान केंद्र बेजवां के मौसम विशेषज्ञ सर्वेश बरनवाल ने बताया कि रविवार को दिन का तापमान 41.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। रात का तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रहा। बताया कि 12 जून तक तापमान में वृद्धि का सिलसिला बना रहेगा। इससे लू का अहसास होगा। गर्म हवाओं से राहत नहीं मिलेगी।