ट्रैक्टर चालक बेलगाम हो गए है। यातायात नियमों को ताक पर रख दिए है। ट्रैक्टर पर सरिया लादकर सड़कों पर बेखौफ दौड़ा रहे हैं। पीछे लाल कपड़ा बांधना जरूरी नहीं समझ रहे है। इससे ट्रैक्टर के पीछे चलने वाले राहगीरों को दुर्घटना की आशंका सताने लगती है। नियम केखिलाफ दौड़ते वाहनों पर परिवहन विभाग के अधिकारियों की नजर नहीं पड़ती है। स्थानीय लोगों ने बताया कि ट्रैक्टर ट्राली से लगभग तीन से चार फीट तक छड़ बाहर निकला रहता है। बाइक ऑटो चालक चपेट में आकर चोटिल हो जाते है। सड़कों पर धड़ल्ले से दौड़ते जानलेवा वाहनों पर पुलिस कार्रवाई नहीं करती है। जिम्मेदारों की लापरवाही हादसे का कारण बन सकता है।
ट्रैक्टर ट्राली कर रहे है दुरूपयोग
ज्ञानपुर। परिवहन विभाग के नियमों के अनुसार ट्रैक्टर ट्राली गैर व्यवसायिक वाहन हैं। ट्रैक्टर ट्राली का उपयोग सिर्फ कृषि कार्यों में किया जा सकता है। ट्रैक्टर ट्राली दुरूपयोग सबसे ज्यादा निर्माण सामग्री व्यवसायी कर रहे है। ट्रैक्टर ट्रालियों पर गैर कानूनी रूप से बालू, पत्थर व ईट सरिया आदि की ढुलाई करवाते हैं।
हादसे के बाद भी जिम्मेदारी की नहीं खुली आंखें
ज्ञानपुर। ट्रैक्टर-ट्रॉली पर लदा सरिया बीते 30 दिसंबर को प्रयागराज के सराय ममरेज निवासी मनोज बनवासी (25) पुत्र राकेश बनवासी के लिए यमराज बन गया था। वह कस्तूरीपुर स्थित एक भठ्ठे से काम कर बाइक से भदोही जा रहा था। इस बीच दुर्गागंज-भदोही मार्ग पर एक सरिया लदे ट्रैक्टर-ट्रॉली के पीछे चल रहा था। ट्रैक्टर चालक के अचानक ब्रेक लगाने से पिछले हिस्से में निकला सरिया उसके सिर में घुस गया। इससे उसकी मौत हो गई। इस हादसे के बाद भी जिम्मेदारों की आंखे नहीं खुली।
वर्जन
ट्रैक्टर ट्रालियों पर अभियान चलाकर कार्रवाई की जाती है। चालक व स्वामी को कड़ी हिदायत दी जाती है। इसके बावजूद ट्रैक्टर चालकों की मनमानी की शिकायत मिल रही है। संबंधित चालकों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। -अरूण कुमार, एआरटीओ प्रशासन।