ज्ञानपुर। स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर करने के लिए सरकार गंभीर है, लेकिन सरकारी अस्पतालों में आम लोगों को सुविधाएं मयस्सर नहीं हो पा रही। महाराजा चेत सिंह जिला चिकित्सालय ज्ञानपुर के लैब में आए दिन आने वाली तकनीकी खराबी के कारण जांच प्रभावित हो रही है। मंगलवार की सुबह मशीन में आई खराबी के कारण करीब आधे घंटे तक खून जांच बंद रही। वहीं सोडियम और पोटेशियम जांच करने वाली इलेक्ट्रोलाइट मशीन करीब एक माह से खराब है। इस वजह से जांच नहीं हो पा रही है। विवशता में मरीजों को बाहर शुल्क देकर जांच कराना पड़ता है। जिले के मध्य ज्ञानपुर में स्थित महाराजा चेत सिंह जिला चिकित्सालय में स्वास्थ्य से जुड़ी जरूरी सुविधाएं मिलती है। ओपीडी, इमरजेंसी के साथ-साथ एक्स-रे, अल्ट्रासाउंड, खून की जांच आदि की जाती है। करीब एक दशक से विशेषज्ञ न होने से अल्ट्रासाउंड मशीन शोपीस बनी रही। अब विशेषज्ञ के आने से लोगों को राहत मिलनी शुरू हुई। अब अस्पताल के लैब में कई मशीनों में तकनीकी खामी आने से ब्लॅड की जांच नहीं हो पा रही है। इलेक्ट्रोलाइट मशीन करीब एक माह से बंद चल रही है। जिला अस्पताल के चिकित्सकों की मानें तो इलेक्ट्रोसाइट मशीन बंद होने से पोटेशियम और सोडियम की जांच नहीं हो पाती। ज्यादा जरूरत इसकी ऑपरेशन और नशों की जांच और इलाज में पड़ती है। उधर, मंगलवार को आधे घंटे तक सुगर, मलेरिया, टाइफाइड, लीवर, ब्लॅड ग्रुप, लीवर से जुड़ी जांच प्रभावित रही। लैब प्रभारी प्रमोद दुबे ने बताया कि इलेक्ट्रोलाइट मशीन को ठीक कराने के लिए इंजीनियर से बात हुई। दो-तीन दिन में बन जाएगी। बाकी खून जांच वाली मशीन में कुछ दिक्कत थी थोड़ी ही देर में ठीक कर लिया गया।