गोपीगंज। नगर में स्थित प्रमुख ऐतिहासिक व धार्मिक स्थल बाबा बड़े शिव धाम का 1.47 करोड़ रुपये की लागत से सुंदरीकरण होगा। निषाद पार्टी के ज्ञानपुर विधायक विपुल दुबे के प्रस्ताव पर पर्यटन मंत्रालय की ओर से वित्तीय स्वीकृति मिली है। योजना के तहत मंदिर पर दो मंजिला यात्री हाल, आकर्षक स्वागत द्वार, पक्की सड़क, आरसीसी बेंच, पेयजल सुविधा, सौर ऊर्जा आधारित प्रकाश व्यवस्था, पुलिस बूथ और आधुनिक बारकोड सूचना बोर्ड लगाए जाएंगे। नगर पालिका गोपीगंज में स्थित बाबा बड़े शिवधाम में प्रतिदिन सैकड़ों श्रद्धालु दर्शन पूजन के लिए आते हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा व मंदिर परिसर को पर्यटन स्थल के दृष्टि से विकसित किए जाने की मांग काफी समय से उठ रही थी। नागरिकों की मांग पर भेजे गए प्रस्ताव को मुख्यमंत्री पर्यटन स्थलों के विकास योजना के अंतर्गत एक करोड़ 47 लाख 38 हजार रुपये की प्रशासनिक व वित्तीय स्वीकृति प्रदान करते हुए निर्माण के लिए उत्तर प्रदेश राजकीय निर्माण निगम को कार्यदाई संस्था नामित कर किया है। विधायक ने बताया कि मंदिर के सुंदरीकरण के लिए प्रस्ताव दिया गया था। जिसकी स्वीकृति मिली है। संवाद