औराई। कोतवाली क्षेत्र के मोहम्मदपुर-पियरोपुर गांव में मंगलवार की रात में दो पक्षों के बीच मारपीट को शांत कराने गए वृद्ध के सीने में चोट लगने से मौत हो गई। पुलिस ने मामले में दोनों पक्ष से सात लोगों पर गैर इरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज किया है। तीन लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
मोहम्मदपुर पियरोपुर गांव में मंगलवार की रात में दरवाजे पर गाड़ी खड़ी करने और जमीन विवाद को लेकर जियाउल हक, हसन और सद्दाम और द्वितीय पक्ष के मुस्ताक, नियाज एवं बदरे आलम के बीच विवाद हो गया। दोनों पक्षों में ईंट-पत्थर चलने लगे। इसी दौरान कासिम अली (65) बीच-बचाव करने के लिए पहुंच गए। आरोप है कि इसी दौरान एक पक्ष के कुछ युवकों ने सीने पर मार दिया। इससे वह गिर गए। अस्पताल ले जाने पर चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। क्षेत्राधिकारी औराई राम लखन मिश्र और निरीक्षक छोटक यादव ने पहुंचकर विवाद को शांत कराया। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। दोनों पक्षों की तहरीर पर गैर इरादतन हत्या सहित अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया। सीओ ने कहा कि मुकदमा दर्ज कर छानबीन की जा रही है।