अधीक्षण अभियंता कार्यालय हरियांव-भदोही के सामने तीसरे दिन कार्य बहिष्कार कर धरने पर बैठे विद्यु
- फोटो : BHADOHI
ज्ञानपुर/भदोही। विद्यत कर्मचारी संयुक्त संघर्ष समिति का अनिश्चितकालीन कार्य बहिष्कार तीसरे दिन बृहस्पतिवार को भी जारी रहा। बिजली विभाग के अभियंता और तकनीकी, संविदा संवर्ग में शामिल कर्मचारियों ने अधीक्षण अभियंता कार्यालय हरियांव-भदोही पर अपनी मांगों के समर्थन में आवाज उठाई। दूसरी तरफ मुख्य अभियंता विंध्याचल मंडल गुलाम मुस्तफा ने कर्मचारियों से काम पर लौटने की अपील की। चेताया कि अगर काम पर नहीं लौटने पर कार्रवाई की जाएगी। ट्रांसफार्मर वर्कशाप निजीकरण पर रोक लगाने सहित 15 मांगों को लेकर कार्य बहिष्कार कर रहे बिजली कर्मियों ने चेतावनी दी कि जब तक निजीकरण पर रोक नहीं लगेगा और मांगों को पूरा नहीं किया जाएगा, तब तक कार्य बहिष्कार जारी रहेगा। संघर्ष समिति के संयोजक धीरज मिश्रा ने कहा कि ऊर्जा निगम और पूर्वांचल प्रबंधन की कार्यप्रणाली से बहिष्कार की समयसीमा बढ़ाना विवशता है। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों का हक-अधिकार कोई नहीं छीन सकता। मुख्य अभियंता विंध्याचल मंडल गुलाम मुस्तफा ने कहा कि मांगों का मामला केंद्रीय स्तर का है। अपने कार्य स्थलों पर रहकर भी आवाज उठाई जा सकती है। कार्यस्थल को छोड़कर कार्य बहिष्कार में शामिल कर्मचारियों को वापस आने के लिए कहा गया है। वापस न होने वालों को चिह्नित कर सूची निगम को भेजी जाएगी। कार्य बहिष्कार में रंजीत हलवाई, अभिषेक यादव, आदित्य पांडेय, श्रीकृष्ण, संजय यादव, जयकार पटेल आदि शामिल रहे।