जंगीगंज/घोसिया। बारिश के दौरान सोमवार की शाम बिजली की चपेट में आकर बालक समेत दो की मौत हो गई। एक महिला गंभीर रूप से झुलस गई। गोपीगंज थाना क्षेत्र के जंगलपुर गांव निवासी कुसुम देवी (33) खेत में धान की रोपाई कर रही थी तभी बारिश होने लगी। इसी दौरान बिजली गिरने से कुसुम देवी ने मौके पर दम तोड़ दिया। मृतका दो पुत्र और एक पुत्री की मां है और पति सुरेश यादव बाहर रहकर काम करता है। दूसरी घटना औराई थाना क्षेत्र के लसमड़िया गांव में हुई। आदर्श कुमार यादव (12) घाटमपुर स्थित खेत में परिजनों के साथ धान की रोपाई वाले खेत में था। बारिश हो रही थी तभी बिजली की चपेट में आकर उसकी मौत हो गई। बड़ी मां गुलाबी देवी (52) गंभीर रूप से झुलस गई। मृतक आदर्श अहिमनपुर स्थित एक मान्यता प्राप्त स्कूल में कक्षा तीन का छात्र था। वह दो भाई, तीन बहनों में तीसरे नंबर का था। तहसीलदार सुनील यादव पुलिस टीम के साथ घटना स्थल का निरीक्षण करने के बाद पंचनामा कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजवा दिया। आदर्श की मौत से परिजनों के आंसू नहीं रुक रहे थे। मौके पर प्रभारी निरीक्षक अजय सेठ, उप निरीक्षक इंद्रजीत यादव, ग्राम प्रधान बैजनाथ यादव, मानवाधिकार के पदाधिकारी मुकेश यादव आदि रहे।