संवाद न्यूज एजेंसी
घोसिया। खमरिया नगर पंचायत के वार्ड नंबर 10 में रविवार की शाम पांच बजे अचानक कुएं में गिरी विवाहिता का शव लगभग छह घंटे के रेस्क्यू के बाद कुएं से निकाला गया। पुलिस व अग्निशमन की टीम ने देर रात शव को कुएं से निकाला। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। औराई कोतवाली क्षेत्र के खमरिया नगर पंचायत के वार्ड नंबर 10 मुकुंदट्टी में किराए के मकान में रहने वाले संतोष यादव की पत्नी संतोषी देवी (34) रविवार की देर शाम कुएं गिर गई। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने महिला को कुएं से निकालने के लिए घंटों प्रयास में लगी रही। देर रात 11 बजे के बाद महिला के शव को कुएं से निकालकर पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रभारी निरीक्षक एनपी सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। अभी तक कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। तहरीर मिलने पर जांच कर कार्रवाई की जाएगी।