ज्ञानपुर। जिले के एक भाजपा विधायक को दरोगा के गाली देने का मामला सामने आया है। हालांकि विधायक की ओर से इसकी कोई लिखित शिकायत नहीं की गई है। विधायक ने मंगलवार को मौखिक रूप से पुलिस अधीक्षक से शिकायत कर आरोप लगाया कि आपके एक दरोगा ने औराई में मुझे गाली दी। वाहन चेकिंग के दौरान बाइक सवार दो युवकों ने दरोगा को जब बताया कि हम विधायक के यहां से आ रहे हैं तो दरोगा ने मेरे लिए अपशब्दों का प्रयोग किया। वहां से लौटे युवकों ने मुझे इसकी जानकारी दी। इस संबंध में विधायक से बात करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनसे संपर्क नहीं हो सका। उधर पुलिस अधीक्षक रामबदन सिंह ने कहा कि कोई दरोगा किसी विधायक को गाली क्यों देगा। वह भी तब, जब वह चालान काट चुका हो। विधायक जी उस समय वहां मौजूद भी नहीं थे। ऐसे में उन लड़कों की बात पर भरोसा कैसे किया जा सकता है। उन्होंने मुझसे मौखिक तौर पर शिकायत की है। अगर वह लिखित शिकायत करते हैं तो मामले की जांच कराई जाएगी।