विषाक्त पदार्थ के सेवन से सीएचसी गोपीगंज में भर्ती मरीज। स्रोत जागरूक पाठक
गोपीगंज। कोतवाली क्षेत्र के हरिहरपुर शुकुलपुर गांव निवासी एक युवक ने किसी विषाक्त पदार्थ का सेवन कर लिया। तबीयत खराब होने पर वह सीएचसी पहुंचा। जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। गांव निवासी मंजीत (40) पुत्र रामसजीवन किसी विषाक्त पदार्थ का सेवन कर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गोपीगंज पहुंचा। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार युवक अस्पताल पहुंचने के बाद कुर्सी पर बैठा हुआ था। इसी दौरान उसके मुंह से झाग निकलने लगा, जिसे देखकर वहां मौजूद लोगों ने चिकित्सकों को सूचना दी। चिकित्सकों ने युवक का परीक्षण किया। युवक के पास से उसकी पत्नी का आधार कार्ड भी बरामद हुआ। हालांकि उसने किन परिस्थितियों में विषाक्त पदार्थ का सेवन किया, इसका कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। प्रभारी निरीक्षक सच्चिदानंद पांडेय ने बताया कि युवक को अस्पताल भेजा गया है। आराम मिलने पर जानकारी ली जाएगी।