संवाद न्यूज एजेंसी ज्ञानपुर। जिले में सोमवार की देर रात हुई बारिश से तापमान लुढ़क गया। मंगलवार को दिन भर आसमान में बादलों की आवाजाही बनी रही। इससे लोगों को गर्मी और उमस से राहत मिली। दिन के तापमान में जहां दो डिग्री तो वहीं रात के तापमान में आधे डिग्री की कमी आई है। मौसम विभाग ने आठ से 12 मई के मध्य आंधी और बारिश की संभावना जताई है। कालीन नगरी का मौसम हर रोज बदल रहा है। कभी तेज धूप और लू के थपेड़े परेशान कर रहे हैं तो कभी आंधी और बारिश का दौर शुरू हो जा रहा है। रविवार के बाद सोमवार की देर रात में तेज आंधी संग बारिश हुई। इससे मौसम सुहाना हो गया है। मंगलवार की सुबह से ही आसमान में बादल छाए रहे। सुबह से लेकर शाम तक बादलों की आवाजाही बनी रही। दोपहर में हुई तेज धूप से लोग परेशान जरूर हुए। बारिश और बादलों के कारण दिन का तापमान 36.5 डिग्री से घटकर 34.5 डिग्री तक पहुंच गया जबकि रात का तापमान 23.9 से 23.5 डिग्री आ गया। 17 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चली। मौसम विशेषज्ञ सर्वेश बरनवाल ने कहा कि आसमान में बादलों की आवाजाही बनी रहेगी। आगामी सप्ताह में बारिश और आंधी की संभावना बन रही है।