कालीन नगरी में रोजाना मौसम में उतार चढ़ाव देखा जा रहा है। बुधवार को मौसम की तल्खी इस कदर थी कि सड़कों पर दोपहर के समय सन्नाटा पसर गया। सूरज की तल्खी बढ़ने के कारण तापमान 36.6 डिग्री पहुंच गया।
चिलचिलाती धूप और गर्म हवा के कारण बाजारों, चौराहों पर सन्नाटा पसरा रहा। कामकाज के सिलसिले में दोपहर में लोग घरों से निकले तो अधिकांश लोग मुंह पर रुमाल रखे दिखे। लड़कियां मुंह पर दुपट्टा से बांधे हुए नजर आईं। ज्ञानपुर, गोपीगंज, भदोही, सुरियावां आदि स्थानों पर दोपहर में बस स्टैंड, टैंपो स्टैंड पर यात्रियों की कम भीड़ दिखी। सुरियावां से महजूदा जा रहे महेश ने बताया कि धूप तेज होने की वजह से सवारी गाड़ी समय पर नहीं मिल रही है। बुधवार को अधिकतम तापमान 36.6 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 17.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
कृषि मौसम विशेषज्ञ सर्वेश बरनवाल ने बताया कि बृहस्पतिवार को धूप की तल्खी इसी तरह बनी रहने की उम्मीद है। जिला अस्पताल के वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. प्रदीप यादव ने बताया कि मौसम में बदलाव होने के कारण चिकित्सालय में मरीजों की संख्या में लगातार बढ़ोत्तरी हो रही है। चिकित्सालय में इन दिनों खांसी, बुखार, उल्टी, दस्त के मरीजों की संख्या बढ़ी है।