प्राथमिक विद्यालय सीकीचौरा में कालीपट्टी बांधकर विरोध जताते शिक्षक। स्रोत शिक्षक
- फोटो : samvad
ज्ञानपुर। टीचर्स फेडरेशन ऑफ इंडिया के जस्टिस फॉर टीचर्स अभियान के लिए बुधवार को तीसरे दिन शिक्षकों ने विरोध जताया। बांह पर काली पट्टी बांधकर शिक्षण कार्य किया। कहा कि जब तक उनकी मांग पूरी नहीं होगी, वे आंदोलन जारी रखेंगे। बृहस्पतिवार को शिक्षक बीएसए कार्यालय पर धरना देंगे। उसके बाद पदयात्रा निकालकर कलेक्ट्रेट तक जाएंगे। उत्तर प्रदेशीय जूनियर हाईस्कूल शिक्षक संघ के जिला अध्यक्ष अखिलेश कुमार ने बताया कि टीचर्स फेडरेशन ऑफ इंडिया के आह्वान पर बुधवार को भी विद्यालयों में शिक्षकों ने विरोध जताया। बांह पर काली पट्टी बांधकर प्रदर्शन किया। उन्होंने कहा कि शिक्षा का अधिकार अधिनियम लागू किए जाने के पहले से नियुक्त समस्त शिक्षकों को टीईटी उत्तीर्ण करने की अनिवार्यता को वापस लेना पड़ेगा। दो से तीन दशक पहले से विद्यालयों में पढ़ाने वाले शिक्षक अब 55 से 58 साल के हो चुके हैं। ऐसे में टेट को थोपना जायज नहीं है। उन्होंने कहा कि 26 फरवरी को बीएसए कार्यालय पर शिक्षक धरना देंगे। उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ के जिला संयोजक धीरेंद्र यादव, सह संयोजक अरुण पांडेय और महिला शिक्षक संघ की जिलाध्यक्ष प्रीति मौर्य ने कहा कि बिना संघर्ष के कुछ भी हासिल नहीं होता है।