फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Bhadohi News: सूर्यमणि पैनल की जीत, 16 में 13 जीते

विज्ञापन
विज्ञापन
भदोही। कालीन निर्यात संवर्धन परिषद (सीईपीसी) की प्रशासनिक समिति के सदस्यों के चुनाव का बृहस्पतिवार को परिणाम घोषित कर दिया गया। चुनाव में सूर्यमणि तिवारी पैनल ने भारी जीत दर्ज की। 18 सीटों के लिए हुए चुनाव में इस पैनल के 13 सदस्य निर्वाचित हुए हैं। दूसरी तरफ संजय गुप्ता पैनल के पांच सदस्यों ने बाजी मारी। नई दिल्ली के एक होटल में मतगणना की प्रक्रिया डेढ़ घंटे में पूरी कर ली गई। चुनाव अधिकारी परिषद के प्रभारी अधिशासी निदेशक जगमोहन ने परिणाम की घोषणा की।
विज्ञापन

सीईपीसी की 18 प्रशासनिक समिति के सदस्य पदों के चुनाव के लिए एक से आठ मई तक इलेक्ट्रानिक मतदान हुआ था। इसमें सूर्यमणि तिवारी और संजय गुप्ता ने दो अलग-अलग पैनल बनाकर प्रत्याशी उतारे थे। 18 में से 10 सीटें उत्तर प्रदेश और चार-चार सीटें शेष भारत और कश्मीर के लिए आरक्षित थीं। चुनाव में कुल 1745 मतों में से सर्वाधिक 1003 वोट केवल भदोही जिले के थे, इसलिए सभी की निगाहें उत्तर प्रदेश की दस सीटों पर टिकी थीं। सूर्यमणि पैनल से 16, जबकि संजय गुप्ता पैनल से 18 प्रत्याशी चुनाव मैदान में थे। सीईपीसी चुनाव के परिणामों का एलान होते समय परिषद के प्रभारी चेयरमैन डाॅ. रोमेश खजूरिया, विकास आयुक्त हस्तशिल्प अमृत राज, नीरज गाबा निदेशक वाणिज्य विभाग और प्रशांत मीना उपसचिव केंद्रीय वस्त्र मंत्रालय भी उपस्थित रहे। सभी ने नई टीम को शुभकामनाएं दीं। दिल्ली में मतगणना के दौरान लगभग सभी प्रत्याशी मौजूद थे। दोपहर बाद तीन बजे परिणाम घोषित होने के साथ ही परिणाम सोशल मीडिया पर ट्रेंड करने लगा। सोशल मीडिया पर जीतने वाले प्रत्याशियों को बधाइयों का दौर भी देर रात तक चलता रहा।


किसको कितने मिले वोट

भदोही। चुनाव में देश भर के कुल 1745 मतदाताओं में से 1617 ने इलेक्ट्रानिक मतदान किया। अधिकृत आंकड़ों के अनुसार वासिफ अंसारी (977 मत), असलम महबूब (951 मत), रवि पाटोदिया (941 मत), पीयूष बरनवाल (936 मत), इम्तियाज अहमद (927 मत), संजय गुप्ता (917 मत), सूर्यमणि तिवारी (902 मत), रोहित गुप्ता (879 मत), अनिल कुमार (871 मत), हुसैन जाफर हुसैनी को (852 मत) प्राप्त हुए। इसी तरह शेष भारत से महावीर प्रताप शर्मा (944 मत), मुकेश कुमार गोम्बर (921 मत), दीपक खन्ना (867 मत), बोधराज मल्होत्रा को (762 मत) मिले। कश्मीर से शौकत खां (1100 मत), केआर वाटल (898 मत), मेहराज यासीन जन (897 मत), आशिक अहमद शेख ने (886 मत) प्राप्त किए।
विज्ञापन



नौ लोग पहली बार निर्वाचित
भदोही। कई प्रत्याशियों के लिए यह दूसरा चुनाव था, लेकिन चूंकि विकास आयुक्त (हस्तशिल्प) ने निवर्तमान चुनाव (वर्ष 2021) को शून्य और अवैध घोषित कर दिया था। साथ यह भी निर्देशित किया था कि इसकी गणना नहीं की जाएगी। इस लिहाज से देखा जाए तो दूसरी बार निर्वाचित होने के बाद भी भदोही के कालीन निर्यातकों सूर्यमणि तिवारी, असलम महबूब, इम्तियाज अंसारी और रोहित गुप्ता के लिए सीईपीसी की प्रशासनिक समिति में पहुंचने का पहला अवसर माना जाएगा। इसी प्रकार रवि पाटोदिया, पीयूष बरनवाल, दीपक खन्ना, शौकत खां, मेहराज यासीन पहली बार निर्वाचित होकर सीईपीसी प्रशासनिक समिति में पहुंचे हैं। इसके अलावा शेष बचे प्रत्याशियों में अधिकतर दूसरी बार और कुछ तीसरी बार भी निर्वाचित हुए हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें