ज्ञानपुर। कड़ाके की ठंड से शनिवार को कुछ राहत जरूर मिली। दो दिनों से दिन में धूप हो रही है, जिससे महीने भर से जारी शीतलहरी से कुछ हद तक निजात मिल गई है। मगर रात के तापमान में शनिवार को गिरावट दर्ज की गई।
शनिवार को न्यूनतम तापमान 2.5 डिग्री की कमी आई। तापमान 5.8 डिग्री दर्ज किया गया। अधिकतम तापमान चार से पांच डिग्री बढ़ा है। शनिवार की सुबह की शुरूआत घने कोहरे के साथ हुई। सुबह 10 बजे तक कोहरे के कारण सड़कों पर वाहन दिन में लाइट जलाकर आगे बढ़े। सुबह करीब 10 बजे धूप खिली तो लोगों ने राहत की सांस लिया, लेकिन ढलते ही ठंड फिर बढ़ गई। कृषि विज्ञान केंद्र के बेजवां के मौसम विशेषज्ञ सर्वेश बरनवाल ने बताया कि शनिवार को अधिकतम तापमान 21.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। न्यूनतम तापमान 5.8 डिग्री सेल्सियस रहा। न्यूनतम तापमान गिरने के कारण ठंड बढ़ी है। बताया कि ठंड का असर दो दिनों तक बना रहेगा।