रोटरी क्लब द्वारा आयोजित सम्मान समारोह में सम्मानित शिक्षक
रोटरी क्लब के तत्वावधान में शुक्रवार को तत्वबोध इंटर कॉलेज, पुरानी तहसील में सम्मान एवं जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें विद्यार्थियों और उत्कृष्ट शिक्षकों को सम्मानित किया गया। सामाजिक जागरूकता अभियान की शुरुआत की गई। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन और रोटरी प्रार्थना के साथ हुआ। इस दौरान छात्र-छात्राओं के बीच रंगोली प्रतियोगिता, भाषण प्रतियोगिता, नशा मुक्ति अभियान और स्वच्छ भारत पोस्टर अभियान आयोजित किया गया। विद्यार्थियों ने रंगोली और पोस्टर के माध्यम से नशा मुक्ति और स्वच्छता का संदेश दिया, वहीं भाषण प्रतियोगिता में समाज निर्माण में शिक्षा और स्वच्छता की भूमिका पर प्रभावी विचार रखे। प्रतियोगिताओं में अनुष्का, तान्या, आशुतोष दुबे, शगुन, निशि, साक्षी आदि ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया, जिन्हें पुरस्कृत किया गया। वहीं शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए शिक्षक सम्मान समारोह में डॉ. शाश्वतानंद पांडे प्रधानाचार्य विक्ट्री इंटर कॉलेज, प्रियंका तिवारी प्रधानाचार्य राजकीय माध्यमिक कॉलेज, बृजेश सहायक अध्यापक , अश्वनी कुमार यादव प्रधानाचार्य पं. दीनदयाल उपाध्याय राजकीय इंटर कॉलेज, अमित कुमार सिंह सहायक अध्यापक प्राथमिक विद्यालय गागेंवीर, मधुबन समेत कई शिक्षकों को स्मृति चिह्न और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर रोटरी क्लब के अध्यक्ष रोटेरियन सचिंद्र सिंह ने कहा कि रोटरी क्लब हमेशा सामाजिक सरोकारों, शिक्षा और जनजागरूकता के कार्यों में अग्रणी रहा है। रोटेरियन प्रो. ए.के. मिश्रा ने कहा कि ऐसे आयोजनों से विद्यार्थियों की प्रतिभा को मंच मिलता है। कार्यक्रम के संयोजक डॉ. एस.सी. तिवारी, सचिव रोटेरियन डॉ. एम. असलम, कोषाध्यक्ष निखिल वर्मा और कार्यकारिणी सदस्यों ने सभी अतिथियों का आभार जताया। इस मौके पर रोटेरियन डॉ. एच.एन. सिंह, प्रदीप सिंह, डॉ. खालिद, निखिल वर्मा, बाल कृष्ण, सुरेंद्र यादव, हरे कृष्णा बरनवाल, डॉ. नासिर अली, विद्यालय के प्रधानाचार्य संतोष कुमार पांडे मौजूद रहे।