ज्ञानपुर। जिले के ग्रामीण व नगरीय इलाकों में भारी वाहनों के प्रवेश को रोकने के लिए जिलाधिकारी के निर्देश पर चिह्नित जगहों पर बैरिकेडिंग लगने के बाद भी वाहन चालकों की मनमानी नहीं रुक रही। वाहन चालकों ने उगापुर-चकवा नहर मार्ग पर लगी बैरिकेडिंग को शनिवार की देर रात तोड़ दिया। लोक निर्माण विभाग ने इसे दुरुस्त कराया। मामले में पूछताछ की, लेकिन आरोपियों का पता नहीं चल सका। बीते महीने हुए यातायात समीक्षा बैठक में जिलाधिकारी गौरांग राठी ने लोक निर्माण विभाग को ब्लैक स्पाट चिह्नित करने समेत नहर पटरी मार्गों को क्षति पहुंचा रहे लोगों पर सख्ती बरतने का निर्देश दिया था। इसके बाद लोक निर्माण विभाग ने चकवा-उगापुर नहर पटरी मार्ग पर समेत कई स्थानों पर लोहे की बैरिकेडिंग लगाई थी, लेकिन टोल से बचने के चक्कर में शनिवार की रात किसी वाहन चालक ने ढहा दिया। इसी तरह चकवा-ज्ञानपुर, उगापुर-भरोसगंज, चौरी-महराजगंज, भदोही क्षेत्र से होकर भी ओवरलोड वाहन जाते हैँ। अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग एसबी राव ने बताया कि बैरिकेडिंग शनिवार को ही तोड़ी गई थी। रविवार को क्षेत्राधिकारी औराई की मौजूदगी में इसे दुरुस्त कराया गया। ज्ञानपुर। चकवा हनुमान मंदिर पर दर्शन-पूजन करने आने वाले भक्त रामसिंह ने बताया कि उगापुर नहर पटरी मार्ग चकवा तिराहे से पूर्वी छोर की ओर मुड़ता है। मंदिर तक पहुंचने में मार्ग की खराबी से किसी दिन अनहोनी हो सकती है। किसान सुरेश कुमार ने बताया कि नहर के किनारे खेतीबारी का कार्य करने के लिए आवागमन करना पड़ता है। बैरिकेडिंग के पास प्रतिदिन रात में औराई पुलिस की पिकेट ड्यूटी लगने से ओवरलोड वाहनों के परिवहन पर अंकुश लगेगा।