ज्ञानपुर/लालानगर। गंगा नदी में अज्ञात शवों के मिलने का मामला शासन तक पहुंचते पर जिला प्रशासन हरकत में आ सका। बृहस्पतिवार को रामपुर समेत अन्य घाटों पर दलबल के साथ पहुंची जल पुलिस ने पीएसी जवानों के साथ कैंप शुरू कर दिया है। वैश्विक महामारी कोरोना संक्रमण काल में हुई अनगिनत मौतों के भय से गंगा नदी में बहाए जा रहे शव रामपुर, सीतामढ़ी, धनतुलसी-डेंगुरपुर, कलिंजरा, भोगांव, जहांगीराबाद, बिठौली, बारीपुर, बेरवांपहाड़पुर, गुलौरी, पुरवां होते हुए वाराणसी की ओर बढ़ते दिखाई पड़ रहे हैं। घाट के किनारे शव लगने पर जंगली जानवरों के साथ कुत्तों के नोचने का दृश्य काफी तूल पकड़े हुए है। प्रयागराज, आजमगढ़, बलिया में दर्जनों शव मिलने पर उनके अंतिम संस्कार के लिए बजट का भी निर्धारण शासन ने किया है। इस संबंध में एसपी रामबदन सिंह ने बताया कि जल पुलिस और पीएसी के जवान बहते शव की निगरानी कर मोटर बोट से कांबिंग भी करेंगे। एसपी ने कहा कि कांबिंग के दौरान बह कर आने वाले शवों को गंगा से बाहर निकाल कर अंतिम संस्कार कराएंगे।