ज्ञानपुर। नगर पंचायत के 11 वार्डों के विभिन्न चौराहों और सार्वजनिक स्थानों पर प्रकाश व्यवस्था और भी बेहतर होगी। यहां 80 लाख की लागत से सात हाईमास्ट और 150 स्ट्रीट लाइटें लगाई जाएंगी। इसके लिए शासन से बजट की स्वीकृति मिल गई है। इससे समूचा नगर दूधिया रोशनी से खिल उठेगा। नगर में कुल 11 वार्ड हैं, यहां करीब 25 हजार की आबादी निवास करती है। वैसे तो पूर्व के वर्षों में कई वार्डों में स्ट्रीट लाइट और हाईमास्ट लाइट लगाई गई है, लेकिन अब भी कई वार्ड इससे वंचित हैं। इससे रात में सड़कों पर अंधेरा छाया रहता है। पिछले दिनों बोर्ड की बैठक में मस्जिद रोड़, बालीपुर, पुरानी बाजार, यादव बस्ती, छोटा डीघ, साईं कालोनी, बड़ा डीघ, देहात मार्ग आदि सहित वार्ड के अलग-अलग स्थानों पर स्ट्रीट लाइट लगाने का प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेजा गया था, इसको अब स्वीकृति मिल गई है। नगर में 450 स्ट्रीट लाइट पोल पर लगी है। 150 नई लाइट पोल के साथ लगाई जाएगी। इसके अलावा सात हाईमास्ट लाइट वार्ड के सार्वजनिक स्थानों पर लगाई जाएगी। इससे प्रकाश की उत्तम व्यवस्था हो सकेगी। ईओ धर्मराज सिंह ने बताया लाइट लगाने के लिए करीब 80 रुपये की स्वीकृत्ति मिली है। जल्द ही काम शुरू किया जाएगा।