कोइरौना थाना क्षेत्र के कलातुलसी गांव में दो दिन पूर्व 50 हजार नकद समेत लगभग चार लाख के आभूषण की बरामदगी तीसरे दिन रविवार को भी न होने से गांववासी भयभीत हैं। सेवानिवृत्त शिक्षक रमाशंकर पांडेय ने बताया कि शुक्रवार की रात जब परिजन गहरी नींद में थे उसी समय मनबढ़ चोर मकान के अंदर पहुंच कर उसी कमरे में पहुंच गए जहां उनकी पत्नी सीता देवी सो रही थी। बाक्स को तोड़कर 50 हजार नकद, दो सोने की चैन, झुमका, मंगलसूत्र और चांदी के पायल, छागल समेत चार लाख रुपये मूल्य के सामान उठा ले गए थे। सुबह जानकारी होने पर जब शोरगुल मचाया तो चोरी गए सामान की खोजबीन शुरू कर दी तो टूटा बाक्स मकान से दूर मिला। पुलिस ने जांच कर चोरों पर कार्रवाई का आश्वासन दिया लेकिन कोई सफलता नहीं मिली। प्रभारी निरीक्षक मो.खुर्शीद ने बताया कि मामले का खुलासा करने के लिए टीम लगी है लेकिन अभी तक न चोर हाथ लग सके हैं न चोरी हुए सामान।