महर्षि आज़ाद स्टेडियम मेढ़ी में राज्यस्तरीय क्रिकेट खेलते खिलाड़ी। स्रोत आयोजक
- फोटो : 1
सुरियावां। महर्षि आजाद स्टेडियम मेढ़ी में राज्यस्तरीय क्रिकेट प्रतियोगिता में बुधवार को दो मुकाबले खेले गए। दोनों ही मैच काफी रोमांचक रहे। पहले मैच में आजाद स्पोर्ट्स क्लब ने विंध्याचल और दूसरे में सेवाश्रम इंटर कॉलेज ने सोनभद्र को हराकर अगले दौर में प्रवेश कर लिया। पहले बल्लेबाजी करते हुए आजाद स्पोर्ट्स क्लब ने निर्धारित 20 ओवर में छह विकेट के नुकसान पर 129 रन बनाए। कप्तान संदीप ने 45 गेंदों पर 37 रन की उपयोगी पारी खेली। प्रियांशु ने 23 गेंदों पर 20 रन बनाए, जबकि प्रांजल यादव ने 15 गेंदों पर नाबाद 20 रन जोड़कर स्कोर को मजबूत किया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी विंध्याचल एमआरसीसी की टीम 16.2 ओवर में 96 रन पर सिमट गई। टीम की ओर से अनुज मिश्रा ने 36 रन और रूपांशु चतुर्वेदी ने 27 रन बनाए, लेकिन अन्य बल्लेबाज टिककर नहीं खेल सके। आजाद स्पोर्ट्स क्लब की जीत में गेंदबाजों का अहम योगदान रहा। चंदन यादव ने घातक गेंदबाजी करते हुए 3.2 ओवर में 5 विकेट लेने के साथ हैट्रिक भी लगाई। इससे मैच पूरी तरह एकतरफा हो गया। इसके अलावा राजन यादव ने 2 विकेट और प्रांजल यादव और विशाल यादव ने 1-1 विकेट हासिल किया। शानदार प्रदर्शन के लिए चंदन यादव को मैन ऑफ द मैच घोषित किया गया। दूसरा मुकाबला सेवाश्रम इंटरमीडिएट कॉलेज सुरियावां और सोनभद्र के बीच खेला गया, जो अंत तक बेहद रोमांचक रहा। सेवाश्रम इंटर कॉलेज की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 16 ओवर में 9 विकेट पर 114 रन बनाए। जवाब में सोनभद्र की टीम ने कड़ा संघर्ष किया, लेकिन 16 ओवर में 9 विकेट पर 111 रन ही बना सकी। इस प्रकार सेवाश्रम इंटर कॉलेज ने तीन रनों से रोमांचक जीत दर्ज की।