ज्ञानपुर। महात्मा गांधी राष्ट्रीय रोजगार गारंटी योजना में ब्लॉक स्तरीय अधिकारियों पर मनमानी का आरोप लगाकर ग्राम प्रधानों ने शुक्रवार को कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन किया। जिलाधिकारी को ज्ञापन देकर जांच कराने की मांग की। प्रधानों ने कहा कि 60-40 के अनुपात में काम नहीं कराया जा रहा है। एक चहेती फर्म को लाभ पहुंचाने के लिए ब्लॉक स्तर से धांधली की जा रही है। इसमें प्रधानों का उत्पीड़न किया जा रहा है। जल्द ही कोई निर्णय नहीं लिया गया तो प्रधान सभी कामकाज ठप कर देंगे।
ज्ञानपुर ब्लॉक के दर्जन भर से अधिक ग्राम प्रधानों ने कहा कि ब्लॉक स्तरीय अधिकारी सिर्फ उन्हीं ग्राम पंचायतों को पक्का काम करने की वित्तीय स्वीकृति दे रहे हैं जो उनके चहेती फर्म का बिल फीड करा रहे हैं। ग्राम पंचायतों 60-40 के अनुपात के मानक का पालन कर रही हैं लेकिन फर्म के हिसाब से न चलने पर उनकी फीडिंग रोक दी जा रही है। कई गांव ऐसे हैं जहां मानक को दरकिनार किया गया, लेकिन उनकी फीड कर दी गई। प्रधानों ने बताया कि केशवपुर सरपतहां, पकरी कला, भुड़की, दुलहीपुर, हिंछनपुर, जोरईं, सरई मिश्रानी, सारीपुर, उमरपुर में नियम विरूद्ध भुगतान किया जा रहा है। गल्हैयां, वारी, पकरी खुर्द, दशरथपुर पलवारपुर, पूरेरजा, बड़वापुर समेत कई ऐसे गांव हैं जो मानक पूर्ण कर चुके हैं, लेकिन उनकी फीडिंग नहीं की गई। ब्लॉक के अधिकारी फीडिंग की बात करने पर गाली गलौज भी करने पर उतारू हो जाते हैं। प्रधानों ने कहा कि उनके पक्के कार्य की स्वीकृति दिलाया जाए। प्रदर्शन में ग्राम प्रधान विपिन सिंह, मोतीलाल बिंद, अमृतलाल, रमाशंकर, रेनू देवी आदि रहे।