ज्ञानपुर। राष्ट्रीय नेतृत्व के आह्वान पर बृहस्पतिवार को समाजवादी पार्टी कार्यकर्ताओं ने भ्रष्टाचार और महंगाई के खिलाफ ताकत दिखाई। ज्ञानपुर, औराई और भदोही तहसील पर राष्ट्रपति के नाम संबोधित 16 सूत्री ज्ञापन सौंपकर बाहर निकलने के बाद पुलिस ने लगभग दो सौ से अधिक कार्यकर्ताओं को पुलिस लाइन में दो घंटे तक बैठाने के बाद छोड़ा। कार्यकारी जिलाध्यक्ष विकास यादव ने कहा कि त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में केंद्र और प्रदेश की सरकार मनमानी की है जिसका अंजाम आने वाले दिनों में देखने को मिलेगा। नामांकन के समय महिलाओं का उत्पीड़न कर यह साबित कर दिया है कि सरकारें महिला सशक्तिकरण के नाम पर कितना सजग हैं। कुंवर प्रमोदचंद मौर्य, अजीत सिंह, यशवंत सिंह यादव ने कहा कि ईंट का जवाब पत्थर से देने का समय आ चुका है। राजेश सोनकर, ओमप्रकाश यादव, अनिल सिंह ने कहा कि वर्तमान सरकार की नीतियों से हर वर्ग परेशान है। लोगों को महंगाई, भ्रष्टाचार, अपराध और बेरोजगारी से मुक्ति समाजवादी विचारधारा में मिलेगी। हसनैन अंसारी, पूर्व विधायक जाहिद बेग, मधुबाला पासी, श्यामला सरोज, बिंदु सरोज ने कहा कि सरकार महिलाओं और किसानों के नाम पर जो राजनीति कर रही है उसी का परिणाम है कि अपराधी अपने मंसूबे पर सफल होकर खुले आम घूम रहे हैं। एक माह में कई बार पेट्रो पदार्थों का दाम बढ़ाकर आम जनता की रोजी-रोटी छीना गया है। सरकार सिर्फ पूंजीपतियों के इशारे पर नीति बनाकर परेशानी बढ़ा रही है जिसका जवाब विधानसभा चुनाव 2022 देकर दम लिया जाएगा। इस मौके पर रामकिशोर बिंद, हृदय नारायण कमला शंकर महतो, अंजनी सरोज, आरबी यादव, लालू यादव, डा.सनवारुल हक, आरिफ सिद्दीकी, प्रदीप यादव, संतोष यादव, डा. सरिता बिंद, राजकुमार यादव आदि रहे।