ज्ञानपुर। पिछले वर्ष जहां डेंगू के सबसे अधिक मरीज मिले थे। वहां इस बार स्वाथ्य विभाग की निगरानी सबसे अधिक रहेगी। पिछले वर्ष रिकॉर्ड 208 डेंगू मरीज भदोही में मिले थे। आगामी दिनों में संक्रमित बीमारियों के बढ़ते खतरे को देखते हुए स्वास्थ्य महकमा अभी से अलर्ट हो गया है। जिले के सरकारी अस्पतालों में आने वाले मरीजों को संक्रमित बीमारियों से बचाव का पाठ पढ़ाया जाएगा। विभाग जहां सबसे अधिक डेंगू के मरीज मिले थे। दवाओं के छिड़काव के साथ-साथ वहां विशेष निगरानी के लिए टीम का गठन किया है।
जिले में संक्रमित बीमारियों के प्रति जागरूक करने के लिए 1 जुलाई से विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान चलाया जाएगा। 1355 आशाकर्मी गांव-गांव पहुंच कर जागरूक करेंगी। इनकी निगरानी 100 सुपरवाइजर करेंगे, जो नियमित रिपोर्ट सीएचसी व ब्लॉक पर देंगे। पिछले साल अब तक सबसे अधिक 280 डेंगू मरीज मिले थे। इसमें भी भदोही, ज्ञानपुर, नई बाजार, गोपीगंज में ही 170 से अधिक डेंगू मरीज मिले थे। इस बार विभाग इन मोहल्लों में दवाओं का छिड़काव कराने के साथ ही विशेष निगरानी भी रखेगी। जिले भर में 30 हाटस्पॉट सेंटर बनाए जाएंगे। इसके अलावा जिला चिकित्सालय, एमबीएम भदोही से लेकर सभी सीएचसी, पीएचसी पर जाने वाले मरीजों को संक्रमित बीमारियों के बारे में बताया जाएगा। जिला मलेरिया अधिकारी राम आसरे पाल ने बताया कि बीते साल भदोही के रजपुरा, स्टेशन रोड, रामरायपुरा, मर्यादापट्टी, नई बाजार नगर, ज्ञानपुर मोहल्ला, पुरानी बाजार, वार्ड-10 व 11 और नौ में डेंगू मरीज मिले थे। इसी तरह गोपीगंज के खरहट्टी मोहाल, पुरेगुलाब सहित विभिन्न स्थानों पर भी अधिक मरीज मिले थे।
-
स्वास्थ्यकर्मी बीमारियों से बचाव का पाठ पढ़ायेंगे
अस्पताल पहुंचने वाले लोगों को संक्रमित बीमारी से बचाव को लेकर पाठ पढ़ाया जाएगा। इसमें चिकित्सक मरीजों को संक्रमित बीमारी से बचने के उपाय क्या हैं। किस मच्छर के काटने से डेंगू होता है। इससे बचाव को लेकर क्या सतर्कता जरूरी है। घरों के आसपास किस तरह सफाई रखें और किन-किन बातों का विशेष ध्यान रखें। इन बिंदुओं पर विशेष जानकारी दी जाएगी।