भदोही। बारिश थमने के बाद दो दिन से खिली धूप होने के बाद भी पकरी तिराहे के इर्द गिर्द सड़क पर बारिश का पानी लगा हुआ है। खास बात यह है कि इस मार्ग पर सर्वाधिक दबाव होने के बाद भी पानी निकालने के प्रबंधन नहीं किए जा रहे हैं। इससे नाराज सपा कार्यकर्ताओं ने शनिवार को पकरी रेलवे क्रॉसिंग रोड पर धान रोप कर विरोध प्रदर्शन किया। सपा नेता मनोज यादव अपने एक दर्जन कार्यकर्ताओं के साथ पानी में धान रोपा। उन्होंने कहा कि जो पानी आज वहां लगा है मैं डीएम का ध्यानाकर्षित करते हुए कहना चाहता हूं पूर्व में इतना पानी कभी नहीं लगा। इससे साफ है कि इसमें नगर पालिका की लापरवाही है। उन्होंने कहा कि अगर एक बार डीएम मार्ग को स्वयं आकर देख लेतीं तो यहां के तीन दर्जन से अधिक दुकानों को उम्मीद की किरण दिख जाती। धान रोपने में दीपू विश्वकर्मा, राजू अंसारी, उस्मान, राजू अंसारी, बबलू गुप्ता, विनोद गौतम, लल्ला यादव, सुरेश यादव आदि रहे।