निजी तालाब की जमीन पर बना है मालिकाना मोहल्ले में स्थित सपा विधायक का तीन मंजिला आलीशान मकान
-शिकायत के बाद डीएम ने एसडीएम को दी थी जांच की जिम्मेदारी, हुआ खुलासा
-जिलाधिकारी बोले, न्यायिक प्रक्रिया के तहत मिले तथ्यों के आधार पर होगी कार्रवाई
किशोरी को आत्महत्या के लिए उकसाने और बाल श्रम के मामले में जेल में बंद सपा विधायक जाहिद जमाल बेग की मुश्किलें बढ़ती जा रही हैं। भदोही के मालिकाना मोहल्ले में स्थित सपा विधायक का आलीशान मकान तालाब की जमीन पर बना है। जिलाधिकारी की जांच के बाद यह जानकारी सामने आई है। हालांकि मकान निजी तालााब पर है। जिलाधिकारी विशाल सिंह ने कहा कि मामला न्यायिक प्रक्रिया में है, जो भी चीजें सामने आएंगी उसके अनुसार कार्रवाई होगी।
भदोही के मालिकाना मोहल्ले में स्थित जाहिद जमाल बेग के तीन मंजिला आवास की तीसरी मंजिल के कमरे में एक 17 वर्षीय किशोरी ने आठ सितंबर की रात फंदे से लटक कर आत्महत्या कर ली थी। किशोरी की आत्महत्या के बाद से ही सपा विधायक और उनके परिवार की मुश्किलें बढ़ती गईं। पहले विधायक और पत्नी सीमा बेग पर बाल श्रम व किशोरी को आत्महत्या के लिए उकसाने का केस दर्ज हुआ। उसके बाद बेटे जईम बेग पर भी मुकदमा दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।
सपा विधायक जाहिद बेग इस समय नैनी और उनका बेटा बनारस की जेल में बंद हैं। दूसरी तरफ अब उनके तीन मंजिला आलीशान मकान पर भी खतरा मंडराने लगा है। विधायक के मालिकाना मोहल्ला स्थित तीन मंजिला मकान को लेकर शिकायत की गई थी कि विधायक का आवास तालाब की जमीन पर है। शिकायत को संज्ञान में लेकर जिलाधिकारी ने एसडीएम भदोही भान सिंह ने इसकी जांच कराई।
जांच में यह प्रकारण संज्ञान में आया कि विधायक आवास निजी तालाब पर स्थित है। जिलाधिकारी विशाल सिंह ने बताया कि जिस इलाके में सपा विधायक का मकान है। उस क्षेत्र में अभी जमींदारी इवोल्यूशन लागू नहीं है। प्रारंभिक जांच में पाया गया है कि किसी निजी व्यक्ति के नाम पर पहले वहां तालाब था। जहां पर अब विधायक का मकान बना हुआ है।