थाना क्षेत्र के भंडा गांव में रविवार को सुबह दो पक्षों में पट्टे की जमीन को लेकर हुए खूनी संघर्ष में छह लोग घायल हो गए। पुलिस ने मिली शिकायत के आधार पर पांच लोगों को गिरफ्तार कर लिया। पीड़ित जयंती देवी की ओर से बताया गया कि लगभग तीन वर्ष पहले भदोही तहसील प्रशासन ने गाटा नंबर 218 में रकबा 0.19 हेक्टेयर जमीन का पट्टा जयंती देवी पत्नी प्यारेलाल यादव के नाम दिया। उसी जमीन पर जयंती देवी का परिवार आबाद होकर पशुओं के लिए नाद-खुटा, चरनी, छप्पर की व्यवस्था की है। सुबह सरायममरेज-प्रयागराज जिले के चंपापुर गांव निवासी राजेंद्र प्रसाद, अवधेश कुमार, मनीष, श्यामलाल, रविशंकर, कमलेश, रामदुलार, राकेश आदि एकराय होकर पहुंचे और जयंती देवी को जमीन खाली करने की धमकी दी। विरोध करने पर हाथ में कुल्हाड़ी आदि लेकर मारपीट शुरु करते हुए नांद-खूूंदा, चरनी, रिहायशी छप्पर को गिरा दिया। शोरगुल मचाने पर आस-पास के लोगों ने पहुंच कर बीचबचाव किया। मारपीट में शिवराज यादव (40), देवराज यादव (30), चौथीराम (35), उर्मिला देवी (37), सुशील देवी (35) और दूसरे पक्ष से राहुल (30) गंभीर रुप से घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। प्रभारी निरीक्षक रामजी यादव ने बताया कि तहरीर पर मारपीट करने में शामिल पांच लोगों को गिरफ्तार कर विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।