सीतामढ़ी के सीता मंदिर में दर्शन-पूजन के लिए पहुंचे श्रद्धालु।
- फोटो : BHADOHI
सीतामढ़ी। धार्मिक एवं पौराणिक स्थली सीतामढ़ी में सैलानियों एवं श्रद्धालुओं की संख्या में बढ़ोत्तरी होने से धार्मिक स्थली गुलजार होने लगी है। देश के तमाम प्रांतों से सैलानियों एवं श्रद्धालुओं के आने से दुकानदारों के चेहरे खिल उठे हैं। लॉकडाउन के दौरान करीब पांच माह तक सीतामढ़ी वीरान पड़ी हुई थी, जिसके कारण स्थानीय दुकानदारों और टूरिस्ट से जुड़े लोगों के समक्ष कठिनाइयां उत्पन्न हो गई थी। पिछले एक पखवारे से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं एवं सैलानियों का आगमन होने लगा। जिससे सीतामढ़ी गुलजार होने लगी है। दीपावली के दूसरे दिन रविवार से प्रतिदिन हजारों की संख्या में आस्थावानों ने माता रानी के दरबार मे हाजिरी लगा कर मनोकामना पूर्ति के लिए कामना की। सैलानियों के आमद से स्थानीय दुकानदारों के मुरझाए चेहरे पर मुस्कान आने लगी है। सौंदर्य प्रसाधन, खिलौने, नाश्ता, माला फूल, सहित तरह तरह की आकर्षक दुकाने सज गईहैं। दुकानों पर बिक्री बढ़ गई है। जिससे दुकानदार प्रसन्न हैं। श्री सीता समाहित स्थल मंदिर, बड़े हनुमान जी मंदिर, महर्षि वाल्मीकि आश्रम गंगा तट आदि दर्शनीय स्थलों पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं का आगमन होने लगा है। सीता मंदिर के प्रबंधक कैलाश चंद ने कहा कि पिछले 15 दिनों से काफी भीड़ होने लगी है। लेकिन कोरोना से बचाव के लिए सतर्कता बढ़ा दी गई है। महर्षि वाल्मीकि आश्रम के महंत पंडित हरिप्रसाद मिश्रा ने बताया कि इन दिनों श्रद्धालुओं की संख्या में काफी बढ़ोतरी हुई है। जिसके कारण पूरे सीतामढ़ी में चहल-पहल बढ़ गयी है।