भदोही। श्री सनातन परिवार फाउंडेशन की ओर से आगामी 14 दिसंबर से नगर के श्री इंद्र बहादुर सिंह नेशनल इंटर कॉलेज में नौ दिवसीय श्री रामकथा का आयोजन किया गया है। इससे एक दिन पूर्व 13 दिसंबर को दोपहर 12 बजे सनातन यात्रा निकाली जाएगी। श्री रामकथा के कथा व्यास शिवानंद भाईश्री ने रविवार को बताया कि विश्व में भदोही की पहचान इसके कलात्मक कालीनों से है लेकिन समय समय पर व्यावसायिकता से हटकर भदोही ने धार्मिक आयोजनों में भी पहचान बनाई है। कथावाचक शिवानंद भाईश्री ने महज नौ वर्ष की आयु में ही बाल व्यास की उपाधि प्राप्त कर ली थी। श्रीराम कथा की पहुंच बच्चों से लेकर वृद्धों तक होनी चाहिए। कहा कि इस कार्यक्रम से यदि चंद युवा भी सनातन धर्म के मायने समझ जाएं और धर्म मार्ग पर चल दें तो हमारा यह कार्यक्रम सफल माना जाएगा। शिवानंद भाईश्री अब तक देश-विदेश में 212 कथाएं कह चुके हैं। बताया कि लोग जीवन जीने की कला सीख जाएं। आह्वान किया कि 13 दिसंबर के सनातन यात्रा में शामिल हों और प्रतिदिन चलने वाले भंडारे में प्रसाद लेकर ही घर लौटें। वार्ता में पूर्व पालिकाध्यक्ष अशोक जायसवाल, पूनम मौर्य, संगीता खन्ना, आरती सिंह, मनोज श्रीवास्तव, संदेश योगी, अवनीश सिंह आदि रहे।