लालानगर/ऊंज। जिले के दो अलग-अलग थानाक्षेत्रों में शनिवार की देर रात शार्टसर्किट से लगी आग में दो मड़हे, हाथ ठेला, रेडिमेड शौचालय समेत हजारों रुपये के सामान जल गए। ग्रामीणों के प्रयास से आग पर काबू पाया गया। पहली घटना रविवार की सुबह गोपीगंज कोतवाली के पूरेगुलाब मोहल्ला स्थित नलकूप परिसर में हुई। शार्टसर्किट से लगी आग से हाथ ठेला, रेडिमेड शौचालय, कई मीटर केबल सहित अन्य जरूरी सामान जल गए, जिनकी कीमत हजारों रुपये आंकी गई। ग्रामीणों ने नलकूप के प्रेशर पाइप से आग बुझाकर और नुकसान होने से बचा लिया। दूसरी घटना कोइरौना थाना क्षेत्र के दरवांसी गांव में शनिवार की रात 11 बजे हुई। गांव निवासी गुनिराज, सलगम, जंतीरा देवी और ऊषा देवी गौतम ने बताया कि वह प्रतिदिन की तरह शाम को खाना खाकर बाहर सो रहे थे। जैसे सभी को आंख लगी वैसे ही दो रिहायशी मड़हों में अचानक लगी आग की गर्माहट से उनकी नींद टूट गई। शोरगुल के बाद पहुंचे ग्रामीणों ने आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन दोनों मड़हे में रखे बर्तन, एक-एक क्विंटल गेहूं-चावल, कपड़े, कागजात, पुआल की कुट्टी राख में बदल गए। वहिदानगर उपकेंद्र पर तैनात कर्मचारियों ने कुछ देर के लिए विद्युत आपूर्ति को बंद करने से लोग आग पर काबू पा सके।