चौरी। थाना क्षेत्र में बुधवार की रात कोल्हड़ के मोमिनपुर में सहज जन सेवा केंद्र व किराना की दुकान में आग लग गई। इसमें 24 हजार रुपये व 2 लाख से अधिक के सामान नष्ट हो गया। ग्रामीणों के प्रयास से आग को काबू में किया जा सका। घटना से पीड़ित परिवार सदमे में है। रोटहा अनेगपुर मार्ग के किनारे शाह मोहम्मद उर्फ सोनू का मकान है। मकान के आगे वाले हिस्से में वह सहज जन सेवा केंद्र व किराने की दुकान चलाते हैं। बुधवार की रात 11 बजे के बाद अचानक दुकान की खिड़कियों से आग की लपटें व धुआं निकलने पर परिजनों की नींद खुल गई। शोर शराबा सुनकर आसपास के ग्रामीण भी जग गए और मौके पर पहुंचकर आग बुझाने का प्रयास करने लगे। हर तरफ से आग की लपटें देख ग्रामीणों को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। हालांकि जब तक आग को काबू में करते सब कुछ नष्ट हो गया। पीड़ित शाह मोहम्मद ने बताया कि 24 हजार रुपये के अलावा 3 कंप्यूटर, 2 प्रिंटर मशीन, 1 लेमिनेशन मशीन, 2 अंगूठा लगाने की मशीन, पंखा, इन्वर्टर, बैटरी, काउंटर के अलावा किराने की दुकान में रखा सरसों का तेल सहित अन्य सामान नष्ट हो गया। पीड़ित ने बताया कि आग ने उनका सबकुछ छीन लिया।