ज्ञानपुर। जिले के छतमी गांव निवासी एवं प्रगतिशील कृषि उत्पाद संगठन के निदेशक शाश्वत पांडेय को राज्य स्तरीय निर्यात निगरानी समिति का सदस्य बनाया गया है। राज्यपाल की संस्तुति पर प्रदेश सचिव रविंद्र कुमार ने बृहस्पतिवार को इसकी सूची जारी कर दी। जिसमें प्रदेश के मात्र दो किसानों का चयन किया गया है। इसमें भदोही के शाश्वत और बुलंदशहर के सुभाष चंद्र देशवाल शामिल हैं। इनका कार्यकाल दो साल का रहेगा। कालीन कारोबार से जुड़े शाश्वत ने कोविड महामारी के बाद से खेतीबारी के क्षेत्र में कदम बढ़ाया। एफपीओ त्रिसागर फार्मर प्रोड्यूसर कंपनी के निदेशक शाश्वत फल, सब्जियों को दुबई, सऊदी अरब समेत अन्य गल्फ देशों में हर साल निर्यात करते हैं। उन्होंने बताया कि सरकार ने जो जिम्मेदारी दी है उसका ईमानदारी से निर्वहन करेंगे।