सुरियावां। मेढ़ी मैदान पर चल रहे महर्षि आजाद राज्यस्तरीय क्रिकेट महाकुंभ में रविवार को कन्नौज और सेवापुरी के बीच फाइनल मैच खेला गया। बेहद ही रोमांचक मैच में सेवापुरी की टीम ने कन्नौज को मात्र छह रनों हराकर फाइनल मुकाबला जीत कर खिताब अपने नाम कर लिया। फाइनल मैच के मुख्य अतिथि रहें जिलाधिकारी गौरांग राठी व महर्षि आजाद ने विजेता व उपविजेता कैप्टन को ट्राफी व नगद पुरस्कार से पुरस्कृत किया। विजेता टीम को एक लाख रुपये नगद व ट्राफी दी गई जबकि उपविजेता टीम को इक्यावन हजार रुपये नगद व ट्राफी दिया गया।
जिलाधिकारी ने कहा कि खेल से आपसी सौहार्द बढ़ता हैं। ऐसे बड़े आयोजनों से ग्रामीण क्षेत्रों की छिपी प्रतिभाएं निखर कर सामने आती हैं। डीएम ने कहा कि मेढ़ी में खेल मैदान निर्माण की बाधा दूर कर ली गई है। जल्द ही यह मैदान खेल मैदान बन जायेगा। महर्षि आजाद ने कहा कि खिलाड़ियों को खेल भावना के साथ मैच में प्रतिभाग करना चाहिए। हार व जीत खेल का हिस्सा हैं। जीत से अति उत्साहित व हार से निराश नही होना चाहिए। कड़ी मेहनत से अवश्य सफलता कदम चूमती हैं। इससे पूर्व सेवापुरी की टीम के कैप्टन दुर्गा प्रसाद शुक्ला ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया। पहले बल्लेबाजी करते हुए सेवापुरी के बल्लेबाजों ने निर्धारित 20 ओवरों में कुल नौ विकेट पर 146 रन बनाए। जिसमे सबसे ज्यादा अनूप उजाला ने 43 व अतुल श्रीवास्तव ने 35 रन बनाए। कन्नौज के गेंदबाज उदय प्रताप ने तीन विकेट लिए। जवाब में खेलने उतरी कन्नौज की पूरी टीम आखिरी ओवर की आखिरी गेंद पर 141 रनों पर सिमट गई। जिसमें मणिक ने 47 व राज नाविक ने 31 रन बनाए। सेवापुरी से शानदार गेंदबाजी करते हुए शिवमुनि पटेल व भानु प्रताप को तीन तीन विकेट मिले। इस मौके पर आशाराम यादव (आईएएस) सजंय श्रीवास्तव, अमर सिंह, विजय शंकर राय, राजमणि पांडेय, शिवधनी यादव, डॉ.मनोज दुबे, दिनेश यादव, राजकुमार सरोज, परमेंद्र गौतम, अतुल सिंह, जेपी सिंह, राहुल, श्याम,रामजीत, रमाकांत ,रवि गुप्ता आदि रहे।