ज्ञानपुर। मानसून सीजन में मच्छरजनित बीमारियों का प्रकोप तेजी से बढ़ता है। इस साल अब तक डेंगू के पांच मरीज मिल चुके हैं। जबकि बीते साल रिकाॅर्ड डेंगू के 280 मरीज मिले थे। ऐसे में स्वास्थ्य महकमा पहले से ही अलर्ट है। सात रैपिड रिस्पांस टीम (आरआरटी) का गठन करके डेंगू मरीजों की निगरानी की जाएगी। 25 स्वास्थ्य केंद्रों पर डेंगू मरीजों के लिए 84 बेड संरक्षित हैं।
डेंगू मरीजों की निगरानी के लिए आरआरटी की सात टीमें गठित हैं। एक टीम में चार स्वास्थ्यकर्मी होंगे, जिसमें आशाकर्मी, सीएचसी से दो और सीएमओ कार्यालय से एक स्वास्थ्यकर्मी शामिल होंगे। ये टीम सीएचसी और सीएमओ लेवल पर काम करेंगी।
डेंगू मरीज मिलने पर गांव में दवा छिड़काव करवाना, मरीज की निगरानी करना आदि टीम की जिम्मेदारी होगी। अभोली, ज्ञानपुर ब्लाॅक क्षेत्र में पांच डेंगू के मरीज मिल चुके हैं। हालांकि सभी मरीज जिले के बाहर रहते हैं। स्वास्थ्य विभाग की ओर से जिले के 25 स्वास्थ्य केंद्रों पर कुल 84 बेड डेंगू मरीजों के लिए संरक्षित है। इसमें जिला चिकित्सालय, भदोही एमबीएस में 10-10 बेड का डेंगू वार्ड बनाया गया। वहीं सभी सीएचसी पर पांच- पांच बेड और 17 पीएचसी पर दो-दो बेड डेंगू मरीजों के लिए आरक्षित हैं।
डेंगू मरीजों की निगरानी के लिए सात रैपिड रिस्पांस टीम गठित की गई है। टीम मरीजों की जांच के साथ नियमित निगरानी करेगी। इस साल पांच डेंगू मरीज मिल चुके हैं। -
डॉ. एसके चक, सीएमओ