सुरियावां। अपर सत्र न्यायाधीश के आदेश पर जानलेवा हमला व जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करने के आरोप में सात लोगों पर केस दर्ज किया गया है। आरोप है कि मामले में एसपी के निर्देश के बाद भी सुरियावां थाना प्रभारी ने मुकदमा दर्ज नहीं किया। इसके बाद पीड़ित ने न्यायालय में शरण ली। सुरियावां कोतवाली के फत्तूपुर गांव निवासी मुन्नीलाल पासी ने बताया कि वह मजदूरी कर परिवार की आजीविका चलाता है। गत सात जून को विपक्षी विनोद बिंद, प्रमोद बिंद, सुजीत बिंद, बरफी देवी, सरिता देवी, पिंकी देवी और मधु रास्ते की खोदाई करने लगे। इस पर आपत्ति जताई तो सभी ने मारपीट शुरू कर दी। स्थानीय लोगों ने बीचबचाव किया। मारपीट में उनकी पत्नी मुल्का देवी, बहू रीता देवी, रेशमा देवी, संजू को गंभीर चोटें आईं। कोतवाली में शिकायत के बाद भी केस दर्ज नहीं किया गया। आरोप लगाया कि एसपी के निर्देश के बाद भी कोतवाली पुलिस ने हीलाहवाली की। सुरियावां थानाध्यक्ष अजीत श्रीवास्तव ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है।