ज्ञानपुर । दुर्गागंज थाने की पुलिस व स्वाट टीम ने प्रयागराज सीमा के पास कुढ़वा तालाब से अंतरराज्यीय गांजा तस्कर गिरोह के 25 हजार के इनामी सरगना सहित सात को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के पास से दो लग्जरी कारों से 102 किलो गांजा बरामद हुआ। गिरफ्तार अभियुक्त ओडिशा से गांजा खरीद कर आसपास के जिलों में ऊंचे दामों में बेचते थे।
पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार ने पुलिस लाइन में बताया कि दुर्गागंज पुलिस को सूचना मिली कि कुछ तस्कर आसपास के जिलों में गांजे की बिक्री कर रहे हैं। इसके बाद सक्रिय हुई दुर्गागंज थाना पुलिस व स्वाट टीम ने बुधवार देर रात प्रयागराज सीमा से सटे कुढ़वा तालाब के पास घेराबंदी कर अंतरराज्यीय गाजा तस्कर गिरोह के सरगना 25 हजार के इनामी राजकुमार यादव उर्फ वकील निवासी खरगसेन पट्टी सुरियावां सहित गिरोह के सात सदस्यों को गिरफ्तार किया। अन्य छह आरोपी सौरभ चौबे उर्फ विशाल उर्फ बबलू चौबे निवासी सिउर औराई, राजमणि गौतम निवासी कुसौढ़ा सुरियावां, राहुल यादव निवासी घमहापुर औराई, रविन्द्र मिश्रा निवासी धनीपुर महुआरी गोपीगंज, रविन्द्र कुमार सिंह निवासी उमरहां, चौबेपुर, वाराणसी और विकास कुमार गौतम निवासी जोगीबारी औराई हैं।
पुलिस ने उनके पास से दो लग्जरी वाहन, आठ मोबाइल फोन व दोनों वाहनों से 102 किलो गांजा बरामद किया। एसपी ने बताया कि गिरोह का सरगना राजकुमार गोपीगंज कोतवाली का वांछित था। सौरभ चौबे गांजा तस्करी में दो बार जेल जा चुका है। पूछताछ में अभियुक्तों ने बताया कि ओडिशा से गांजा लेकर प्रयागराज के हंडिया, सरायममरेज होते हुए दुर्गागंज व सुरियावां होकर वाराणसी जाने की फिराक में थे। बताया कि कांवर यात्रा के कारण हाईवे पर अतिरिक्त मुस्तैदी के कारण अंदर के रास्ते वाराणसी जाना चाहते थे। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि सभी अभियुक्तों के खिलाफ एनडीपीसी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। अभियुक्तों के पास बरामद माल व वाहनों की कुल कीमत 45 लाख रुपये आंकी गई है। गिरफ्तारी करने वाली टीम को 25 हजार रुपये पुरस्कार दिया जाएगा।