भदोही। बारिश में जर्जर तार हमेशा खतरनाक साबित होते हैं। बृहस्पतिवार को रिमझिम फुहारों के बीच रजपुरा चौराहे के पास बीच सड़क पर जर्जर हाई टेंशन तार टूट कर गिर गया। लोगों की सतर्कता से बड़ा हादसा होते-होते टल गया। तार गिरते ही लोगों ने आगाह करने वाले सूचक लगाकर खतरे को टालने का प्रयास किया। तार गिरने पर उसमें से चिंगारी भी निकली, लेकिन संयोग से कोई चपेट में नहीं आया। भदोही औराई रोड शहर का अत्यंत व्यस्त मार्ग है। सपा नेता देवा जायसवाल ने बताया कि भारी चिंगारी के साथ तार सड़क पर आ गिरा। उसमें काफी देर तक करेंट दौड़ता रहा। उसके चारों ओर घेरा बनाकर सूचक बना कर लोगों ने आने जाने वाले वाहनों को खतरे की जानकारी दी। इससे कोई हादसा नहीं हुआ। इस बीच विद्युत निगम के अधिकारियों को सूचना देकर आपूर्ति बंद करा दी गई। देर शाम तक विभागीय कर्मियों ने जर्जर तार को ठीक कर आपूर्ति बहाल की।